मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैंने राष्ट्रीय बागवानी बोर्ड (रा.बा.बो.) के प्रबंध निदेशक का नियमित आधार पर कार्यभार दिनांक 09-05-2013 से ग्रहण कर लिया है। मेरा मानना है कि यह कार्य बहुत ही चुनौतीपूर्ण कार्यों में से एक है और बागवानी क्षेत्र के विकास की अपार संभावनाएं हैं। बड़ी संख्या में लोगों की बेहतरी तथा आय अर्जन में बागवानी क्षेत्र की भूमिका निरन्तर बढ़ रही है।
कृषि मंत्रालय, भारत सरकार में संयुक्त सचिव के रूप में मेरे कार्यकाल के दौरान, मैं कोल्ड चेन तथा बाजार आसूचना (इंटेलिजेंस) गतिविधियों सहित बागवानी क्षेत्र से मार्केटिंग, फसल कटाई उपरांत प्रबंधन, अवसंरचना विकास की गतिविधियों से जुड़ा रहा हूँ। इससे मुझे रा.बा.बो. के सौंपे गए कार्य, इसकी योजनाओं को समझने तथा आगे बढ़ाने और बागवानी के विकास के लिए उपयुक्त रणनीतियाँ विकसित करने में मदद मिलेगी।
मैं यह सुनिश्चित करने का प्रयास करूँगा कि निर्णय समय पर लिए जाएं और मैं स्वयं सभी अत्यंत महत्वपूर्ण विकास कार्यों के प्रति सचेत रहूँ।
रा.बा.बो. को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय द्वारा कोल्ड चेन की परियोजनाओं का मूल्यांकन तथा अनुशंसा करने का उत्तरदायित्व भी दिया गया है। हम इस चुनौती को भी पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं।
मैंने रा.बा.बो. के वरिष्ठ अधिकारियों को भी कहा है कि वे हमारे कार्यक्रमों तथा गतिविधियों के परिणाम में सुधार लाने के लिए उपाय सुझाएं। प्रक्रियाओं के सरलीकरण तथा आईटी के अधिक प्रयोग दोनों के द्वारा निर्णय लेने में तेजी लाएं।
इस संगठन को हमारे अंशधारकों के प्रति और अधिक उत्साहवर्धक अनुकूल बनाने के लिए आपके सुझावों का स्वागत है।
शुभकामनाएं,